नई डिज़ाइन और स्टाइलिंग

फेसलिफ्टेड BMW i7 में कंपनी ने इसके प्रीमियम डिजाइन को बरकरार रखते हुए कुछ बदलाव किए हैं। इसमें पहले से ज्यादा सीधी और चौकोर डिजाइन वाली किडनी ग्रिल दी गई है, जिसके चारों ओर इल्यूमिनेटेड सराउंड मिलता है।
इसके अलावा नई LED हेडलाइट्स, अपडेटेड बंपर और नए अलॉय व्हील डिजाइन दिए गए हैं। पीछे की तरफ स्मोक्ड इफेक्ट टेल-लैंप और बदला हुआ टेलगेट डिजाइन मिलते है।
i7 M70 xDrive को बड़े फ्रंट एयर इनटेक और M बैजिंग के जरिए अलग पहचान मिलती है। इसमें 21-इंच अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
केबिन में बड़े अपडेट
BMW ने i7 के इंटीरियर में कई बड़े बदलाव किए हैं। इसमें कंपनी का नया Panoramic Vision Display दिया गया है, जो विंडस्क्रीन के निचले हिस्से पर जरूरी जानकारी दिखाता है।
कार में अब 17.9-इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन डिस्प्ले मिलता है, जो BMW Operating System X पर चलता है। इसमें वायरलेस Apple CarPlay, Android Auto, ओवर-द-एयर अपडेट और बेहतर वॉयस कंट्रोल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।\

फ्रंट पैसेंजर के लिए नया 14.6-इंच डिस्प्ले दिया गया है। सेंटर कंसोल को भी नए डिजाइन के साथ ज्यादा स्टोरेज स्पेस के लिए अपडेट किया गया है।
पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए 31.3-इंच 8K थिएटर स्क्रीन, Dolby Atmos वाला Bowers & Wilkins साउंड सिस्टम, पावर्ड सीट्स, मसाज फंक्शन और BMW Boss Mode जैसे फीचर्स मिलते हैं।
ज्यादा रेंज और पावर
BMW i7 eDrive 50 में 112.5 kWh बैटरी पैक दिया गया है। यह 455 hp की पावर और 600 Nm टॉर्क जनरेट करती है। यह कार 5.5 सेकंड में 0-100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है।

इसकी WLTP प्रमाणित रेंज बढ़कर 728km हो गई है, जो पुराने मॉडल से करीब 125km ज्यादा है।
वहीं, i7 M70 xDrive में डुअल मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है। यह 680 hp पावर और 1,015 Nm टॉर्क देता है। स्पोर्ट बूस्ट मोड में टॉर्क 1,100Nm तक पहुंच जाता है। यह मॉडल 3.8 सेकंड में 0-100 kmph की रफ्तार पकड़ सकता है और इसकी टॉप स्पीड 250 kmph है।
चार्जिंग और भारत में उपलब्धता
दोनों वेरिएंट 250kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करते हैं। BMW के अनुसार, बैटरी 28 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है। कंपनी 22kW AC वॉल बॉक्स चार्जर भी उपलब्ध करा रही है।
BMW i7 eDrive 50 को भारत में चेन्नई प्लांट में लोकल असेंबल किया जाएगा, जबकि i7 M70 xDrive को CBU यूनिट के रूप में आयात किया जाएगा।
नई BMW i7 फेसलिफ्ट ज्यादा रेंज, बेहतर परफॉर्मेंस और प्रीमियम फीचर्स के साथ भारत की लग्जरी इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में कंपनी की सबसे बड़ी पेशकश बनी हुई है।
